नेपाल नरेश ने महल छोड़ा

नेपाली साप्ताहिक'जन आस्था' के संपादक किशोर श्रेष्ठ ने कहा, "राजा गुरुवार शाम 9 बजे महल खाली करके अपने ग्रीष्मकालीन आवास नागार्जुना महल में चले गए।" नागार्जुना महल काठमांडू से नौ किलोमीटर दूर है।
शाही परिवार पर नजर रखने वाले इस साप्ताहिक ने बुधवार को कहा था कि माओवादियों से अनावश्यक संघर्ष से बचने के लिए राजा अपनी पत्नी रानी कोमल के साथ गुरुवार को महल खाली कर देंगे।
इस रिपोर्ट के बाद गुरुवार को महल के दरवाजे पर राजा के महल से बाहर निकलने के अंतिम चित्र कैद करने के लिये समाचार माध्यमों के संवाददाताओं और फोटोग्राफरों की भीड़ लग गई, लेकिन राजा तभी महल से बाहर निकले जब मीडियाकर्मी निराश होकर वापस लौट गए।
बुधवार से पहले नेपाली मीडिया में यह आशंका व्यक्त की जा रही थी कि राजा महल छोड़ने से इंकार कर देंगे और उन्होंने हिंसक भीड़ से निपटने के लिए भारी संख्या में सैनिकों को महल के अंदर तैनात करने का निर्देश दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications