जयपुर विस्फोट से जुड़े सिमी के तार
भोपाल, 20 मईः जयपुर में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों के तार प्रतिबंधित संगठन 'स्टूडेंट इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया' (सिमी) से जुड़े होने की आशंका को धीरे-धीरे बल मिलने लगा है। इन धमाकों में सिमी की किस तरह की भूमिका रही हैं? इसकी तह तक जाने के लिए राजस्थान पुलिस ने प्रयास शुरू कर दिए हैं।
राजस्थान के एक जिम्मेदार अधिकारी का इसी सिलसिले सोमवार को इंदौर का दौरा किया है। मार्च महीने में इंदौर में सिमी के 13 सक्रिय सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद यह बात खुलकर सामने आई थी कि सिमी की देश के कुछ प्रमुख हिस्सों में तबाही मचाने की साजिश है। जयपुर में हुए धमाकों को भी उस साजिश का हिस्सा माना जा रहा है।
इसी सिलसिले में भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी देवेंद्र सिंह ने इंदौर का दौरा किया और पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अनिल कुमार से मुलाकात की। उन्होंने मध्यप्रदेश में सिमी के नेटवर्क और गिरफ्तार किए गए सदस्यों के संदर्भ में जानकारी ली।
इंदौर के आईजी अनिल कुमार ने बातचीत में जयपुर के अधिकारी के इंदौर आने की पुष्टि की और साथ ही स्वीकारा है कि उनसे सिमी के संदर्भ में चर्चा भी हुई है। फिलहाल उन्होंने जयपुर धमाकों से सीधे तौर पर सिमी के तार जुड़े होने के सवाल पर कुछ भी कहने से साफ इंकार कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि इंदौर और उसके आसपास सिमी का नेटवर्क फैला है और पिछले कुछ समय से इस क्षेत्र में उनकी गतिविधिया भी काफी तेज रही हैं। यहां मार्च और अप्रैल महीने में सिमी के खिलाफ चली मुहिम में कई ऐसी जानकारियां पुलिस के हाथ लगी थीं जो चौंकाने वाली रही हैं।
क्या इंदौर और धार में सिमी की सक्रियता और जयपुर में हुए धमाके आपस में कितने जुड़े हुए हैं? फिलहाल राजस्थान पुलिस इसकी खोज में जुटी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस


Click it and Unblock the Notifications