पं.बंगाल में पंचायत चुनाव: 4 की जान गई
कोलकाता, 19 मई: पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण केदौरान मुर्शिदाबाद जिले में हुई हिंसा में कम से कम चार लोग मारे गए हैं। इसके साथ ही राज्य भर में 145 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
इस चरण में बीरभूम, जलपाईगुड़ी, मालदा, मुर्शिदाबाद, दक्षिण दीनाजपुर, उत्तरी दीनाजपुर और कूच बिहार जिलों के लगभग 15,000 मतदान केंद्रों पर मतदाताओं ने अपने मत डाले। इन सभी जिलों में वैध मतदाताओं की संख्या 1.16 करोड़ है।
राज्य के चुनाव आयोग के अधिकारियों के मुताबिक शाम 5.30 बजे तक लगभग 50 प्रतिशत मतदान किया गया।
राज्य के पुलिस महानिरीक्षक (कानून और व्यवस्था) राज कनौजिया ने कहा, "मुर्शिदाबाद में पंचायत चुनाव के दौरान हुई झड़पों में कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के दो-दो कार्यकर्ताओं की मौत हो गई और कई घायल हो गए।
इलाके में तनाव बना हुआ है। मुर्शिदाबाद के रानीनगर और दोमकल गांव में दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे पर बम फेंके। पुलिस ने 25 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार बीरभूम जिले से भी झड़प की सूचना मिली है।
दक्षिण 24 परगना जिले के बासंती इलाके के 15 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराया जा रहा है। राज्य चुनाव आयोग के सहायक सचिव आर. एन. मंडल ने आईएएनएस से कहा, "बासंती के 15 मतदान केंद्रों से गड़बड़ी की शिकायत आने पर इन केंद्रों पर पुनर्मतदान कराया जा रहा है।"
मालदा और मुर्शिदाबाद जिले में पंचायत चुनाव के मद्देनजर 28 अप्रैल को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने चुनाव प्रचार में हिस्सा लिया था। गौरतलब है कि राज्य में कांग्रेस के कुल छह सांसदों में से पांच मालदा और मुर्शिदाबाद जिले से आते हैं।
विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी भी मुर्शिदाबाद जिले के जांगीपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद हैं। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) को उत्तरी दीनाजपुर में कांग्रेस कड़ी टक्कर दे रही है। यह केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री प्रियरंजन दासमुंशी का संसदीय क्षेत्र है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications