उच्च न्यायालय ने लौटाए अंसल बंधुओं के पासपोर्ट
नई दिल्ली, 19 मई (आईएएनएस)। उपहार सिनेमा अग्निकांड के दोषी और रियल एस्टेट के दिग्गज सुशील व गोपाल अंसल के पासपोर्टो को दिल्ली उच्च न्यायालय ने वापस लौटा दिया। इस अग्निकांड में 59 लोगों की मौत हो गई थी।
न्यायमूर्ति एच. आर. मल्होत्रा और न्यायमूर्ति सुनील गौर की खंडपीठ ने सोमवार को अंसल बंधुओं के पासपोर्ट इस शर्त के साथ लौटा दिए कि वे न्यायालय के रजिस्ट्रार को सूचित करने के बाद देश से बाहर जा सकते हैं। लेकिन खंडपीठ ने यह भी शर्त लगाई कि अंसल बंधुओं का यह दौरा एक महीने से ज्यादा का नहीं होना चाहिए।
सुनवाई के दौरान केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के तरफ से अतिरिक्त सालिसिटर जनरल पी. पी. मल्होत्रा ने दलील दी कि न्यायालय में अंसल बंधुओं का मामला लंबित होने के कारण इनके पासपोर्ट वापस न लौटाएं जाए।
वरिष्ठ अधिवक्ता राम जेठमलानी ने अंसल बंधुओं की तरफ से पैरवी करते हुए कहा कि उनके मुवक्किल इसके पहले भी कई बार विदेश जा चुके हैं और मामले की सुनवाई के समय अदालत में हाजिर रहे हैं, इसलिए उन्हें उनके पासपोर्ट लौटा दिए जाने चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications