प्रधानमंत्री पर लगाए गए आरोप को कांग्रेस ने बकवास बताया
नई दिल्ली, 19 मई (आईएएनएस)। आतंकवाद के मुद्दे पर सत्ताधारी संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) का नेतृत्व कर रही कांग्रेस और प्रमुख विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच चल रहे आरोप प्रत्यारोप की लड़ाई थमने का नाम नहीं ले रही।
कांग्रेस ने आज भाजपा पर जमकर हमला बोला और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर लगाए गए उसके आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।
कांग्रेस प्रवक्ता जयंती नटराजन ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, "कांग्रेस पार्टी भाजपा की ओर से लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से नकारती है।"
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा रचनात्मक विपक्ष की भूमिका का निर्वाह करने में अब तक पूरी तरह विफल रही है। प्रधानमंत्री की विश्वसनीयता पर सवाल उठाकर तो वह विभाजन की खतरनाक राजनीति के निम्नतम स्तर तक पहुंच गई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के इस प्रकार के बयान से देश की एकता और अखंडता को ठेस पहुंचाने वाले असामाजिक तत्वों व गुटों को ही बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने भाजपा को याद दिलाया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासन के दौरान जब कभी आतंकवादी हमला हुआ करता था तो कांग्रेस हर मोर्चे पर सरकार से सहयोग करती थी।
उल्लेखनीय है कि भाजपा महासचिव अरुण जेटली ने रविवार को आतंकवाद के मुद्दे पर प्रधानमंत्री को आड़े हाथों लेते हुए कहा था कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में मनमोहन सिंह की विश्वसनीयता संदिग्ध है। जेटली ने यह बात प्रधानमंत्री के उस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुई कही थी जिसमें उन्होंने संघीय जांच एजेंसी बनाने की वकालत की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications