बोधगया में धूमधाम से मनाई गई बुद्घ जयंती
पटना, 19 मई (आईएएनएस)। भगवान बुद्घ की 2552वीं जयंती सोमवार को बोधगया में धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर भगवान बुद्घ के सभी मंदिरों को सजाया गया एवं विशेष प्रार्थनासभाएं आयोजित की गई। इन धार्मिक कार्यक्रमों में बोधगया में स्थित 32 देशों के बौद्घ मठों की प्रमुख संस्था इंटरनेशनल बुद्घिस्ट काउंसिल के सैकड़ों बौद्घ भिक्षुओं सहित हजारों बौद्घ मतावलम्बियों ने हिस्सा लिया।
सोमवार को सुबह बौद्घ भिक्षुओं ने एक जुलूस निकाला। जुलूस कई मार्गो से होता हुआ महाबोधि वृक्ष पहुंचा जहां विश्व शांति के लिए विशेष प्रार्थना का आयोजन किया गया। इस दौरान चीन व म्यांमार में आए तूफान तथा जयपुर में आतंकी हमले में मृत व्यक्तियों के आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
भगवान बुद्घ की बुद्घत्व प्राप्ति के साक्षी तथा दुनियाभर के बौद्घों की आस्था के केंद्र बोधगया मंदिर के पुजारी भंते चालिन्दा ने कहा कि आज लोग शांति के रास्ते से भटक गए हैं। यह भटकाव पूरे मानव समाज के लिए हानिकारक है। बुद्घ जयंती के अवसर पर राज्य के पथ निर्माण विभाग मंत्री प्रेम कुमार तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार भी बोध गया पहुंचे। इस अवसर पर पथ निर्माण मंत्री ने कहा कि बोधगया को आने वाली सभी सड़कों को फोर लेन बनाया जाएगा जिससे पर्यटकों को आने-जाने में परेशानी न हो।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications