नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी, जवान शहीद (लीड)
जम्मू, 19 मई (आईएएनएस)। जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले के कृष्णा घाटी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास आज सुबह पाकिस्तान की तरफ से की गई गोलीबारी में एक सुरक्षाकर्मी शहीद हो गया।
सैन्य सूत्रों ने बताया कि घटना जिले के कृष्णा घाटी सेक्टर में सोमवार सुबह 7.15 बजे की है। नियंत्रण रेखा के दूसरी तरफ से चलाई गई गोली से गोरखा राइफल्स का जवान नाइक जयेश्वर शहीद हो गया।
फिलहाल सेना ने आधिकारिक तौर पर घटना की पुष्टि नहीं की है और न ही इससे इंकार किया है।
एक सप्ताह के भीतर राज्य में यह अपने तरह की दूसरी घटना है। इससे पहले 13 मई को तंगधार सेक्टर में स्थित भारतीय सुरक्षा चौकियों पर पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मियों ने गोलीबारी की थी, जिसके बाद गत साढ़े चार वर्षो में पहली बार भारतीय सेना ने पाकिस्तान पर युद्ध विराम समझौते का उलंघन का आरोप लगाया था।
उल्लेखनीय है कि यह घटना ऐसे समय घटी है जब भारत और पाकिस्तान के बीच विदेश मंत्री और विदेश सचिव स्तर की बातचीत शुरू होने वाली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications