भारत-पाक सीमा पर गोलीबारी, जवान शहीद (लीड-1)
जम्मू, 19 मई (आईएएनएस)। भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाली उच्चस्तरीय बैठक से ठीक पहले जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर पाकिस्तान की तरफ से की गई गोलीबारी में एक सुरक्षाकर्मी शहीद हो गया।
सेना ने बताया कि घटना जिले के कृष्णा घाटी सेक्टर में सोमवार सुबह 7.15 बजे की है, जहां नियंत्रण रेखा के दूसरी तरफ की गई गोलीबारी में 2/8 गोरखा राइफल्स का जवान नाइक जयेश्वर शहीद हो गया।
जम्मू में सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल एस. डी. गोस्वामी ने कहा, "बिना किसी कारण के पाकिस्तान की तरफ से भारतीय सुरक्षा चौकियों पर की गई गोलीबारी में 2/8 गोरखा राइफल्स का एक जवान शहीद हो गया। इसकी पहचान नाइक जयेश्वर के रूप में हुई है।"
उन्होंने कहा कि इस दौरान पाकिस्तान की तरफ से कई रॉकेट और ग्रेनेड लांचर भी दागे गए। उधर गोरखा राइफल्स के अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा, "हमलोगों को निर्देश दिया गया है कि आगे से ऐसी घटना को रोका जाए।"
घटनास्थल से ऐसी खबर आ रही है कि पाकिस्तान की तरफ से की गई गोलीबारी के दौरान कम से कम छह आतंकवादी भारतीय सीमा में प्रवेश कर गए हैं हालांकि इस खबर की अब तक पुष्टि नहीं हो पाई है।
एक सप्ताह के भीतर राज्य में यह अपने तरह की दूसरी घटना है। इससे पहले 13 मई को तंगधार सेक्टर में स्थित भारतीय सुरक्षा चौकियों पर पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मियों ने गोलीबारी की थी, जिसके बाद गत साढ़े चार वर्षो में पहली बार भारतीय सेना ने पाकिस्तान पर युद्ध विराम समझौते का उलंघन का आरोप लगाया था।
उल्लेखनीय है कि यह घटना ऐसे समय हुई है जब भारत और पाकिस्तान के बीच विदेश मंत्री और विदेश सचिव स्तर की बातचीत शुरू होने वाली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications