अब शिवराज ने की मुख्यमंत्रियों का सम्मेलन बुलाने की मांग
भोपाल, 19 मई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को पत्र लिखकर आतंकवाद पर विचार-विमर्श करने के लिए देश भर के मुख्यमंत्रियों का सम्मेलन बुलाए जाने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि आतंकवाद के विरूद्ध राजनैतिक दृढ इच्छा शक्ति तथा राष्ट्रीय सहमति आवश्यक है। इससे पहले गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी भी मुख्यमंत्रियों का सम्मेलन बुलाने की मांग कर चुके हैं।
प्रधानमंत्री को लिखे गए पत्र में शिवराज सिंह ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया है कि जयपुर में हुए विस्फोट को गंभीरता से नहीं लिया गया। पत्र में कहा गया है कि आतंकवाद के विस्तार से देश की शांति और एकता खतरे में है। इसके बावजूद केंद्र सरकार ने पोटा अधिनियम को खत्म कर दिया है।
उन्होंने मध्यप्रदेश में प्रस्तावित 'आतंकवादी एवं उच्छेदक गतिविधियां' तथा 'संगठित अपराध नियंत्रण विधेयक 2007' का उल्लेख किया जो अब तक केंद्र के पास स्वीकृति के लिए लंबित है। चौहान का सुझाव है कि आतंकवाद से निपटने के लिए आम सहमति बनाना जरूरी है। इसके लिए मुख्यमंत्रियों का सम्मेलन बुलाया जाए।
पत्र में मुख्यमंत्री ने आतंकवाद के लिए कानूनी प्रावधान और मजबूत करने की जरूरत बताई है। साथ ही देश में अपराध और न्याय व्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन के लिए न्यायाधीश मलीमथ समिति की सिफारिशों पर तत्काल अमल करने का सुझाव दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications