जिंदल औद्योगिक पार्क की विद्युत सप्लाई बहाल होने से श्रमिकों को राहत
रायपुर, 19 मई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ में जिंदल औद्योगिक पार्क की बिजली सुविधा 12 दिन बाद बहाल कर दिए जाने से 5000 श्रमिकों ने राहत की सांस ली है जिनका रोजगार बंद हो गया था।
एक अपीलीय न्यायाधिकरण द्वारा सात मई को जिंदल स्टील और पावर लिमिटेड (जेएसपीएल) का विद्युत वितरण लाइसेंस रद करने के बाद राजगढ़ जिले के पुंजीपात्रा गांव स्थित औद्योगिक पार्क की 32 रोलिंग मिलों और लौह अयस्क कारखानों में काम बंद हो गया था।
जेएसपीएल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश कुमार ने आईएएनएस को टेलीफोन बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद बिजली की आपूर्ति फिर शुरू हो गई है।
उन्होंने बताया कि बिजली की सप्लाई शनिवार को आंशिक रूप से और सोमवार को पूरी तरह बहाल कर दी गई।
छत्तीसगढ़ सरकार के साथ अक्टूबर 2002 में किए गए एक समझौते के अनुसार जेएसपीएल ने 750 एकड़ का औद्योगिक पार्क करीब दो अरब रूपये की लागत से तैयार किया था।
लेकिन बाद में सरकार द्वारा संचालित छत्तीसगढ़ विद्युत बोर्ड (सीएसईबी) ने जीएसपीएल के विद्युत वितरण लाइसेंस को चुनौती दी।
इसके पूर्व नवंबर 2003 में सीएसईबी ने जेएसपीएल को अपने राजगढ़ स्थित विद्युत उत्पादन केंद्र से औद्योगिक पार्क तक विद्युत पारेषण और वितरण लाइन तैयार करने की अनुमति दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications