इंदौर में बदमाशों ने बैंक से साढ़े तीन लाख रुपये लूटे
भोपाल, 19 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के इंदौर में चार सशस्त्र बदमाशों ने स्टेट बैंक ऑफ इंदौर की एक शाखा से साढ़े तीन लाख रुपये लूट लिए। इन लुटेरों ने सुरक्षाकर्मी और कैशियर की पिटाई भी की। पुलिस ने लुटेरों की धर पकड़ के लिए नाकेबंदी कर गहन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
इंदौर के पुलिस अधीक्षक अंशुमान यादव ने आईएएनएस को बताया है कि दोपहर लगभग दो बजे चार युवक स्टेट बैंक ऑफ इंदौर की नावदापंथ शाखा पहुंचे। मोटरसाइकिल सवार यह चारों बदमाश मुंह पर रुमाल बांधे हुए थे। इन बदमाशों ने सुरक्षाकर्मी से मारपीट कर उसे धमकाया और भीतर पहुंचते ही कैशियर से साढ़े तीन लाख रुपये लूट लिए।
हथियारबंद बदमाश बैंक से रकम लूटने के बाद दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर फरार हो गए। पुलिस को जब खबर मिली, तब तक लुटेरों को भागे हुए आधा घंटे से अधिक का वक्त गुजर चुका था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बैंककर्मियों से पूछताछ की और बदमाशों का हुलिया जाना। पुलिस अधीक्षक यादव के मुताबिक अभी तक बदमाशों के बारे में पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस बदमाशों की खोज के लिए सघन तलाशी अभियान चलाए हुए है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications