पाक में हुए आत्मघाती हमले की मुशर्रफ व गिलानी ने की निंदा
इस्लामाबाद, 19 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान में रविवार को हुए आत्मघाती हमले की राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ और प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने निंदा की है। हमले में 13 लोगों की मौत हो गई थी जिसमें चार सुरक्षाकर्मी भी शामिल थे।
समाचार एजेंसी जिनहुआ ने सरकारी समाचार एजेंसी एपीपी के हवाले से बताया कि राष्ट्रपति मुशर्रफ ने हमले की निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह कायरतापूर्ण कार्य है। सरकार इस बात को लेकर प्रतिबद्ध है कि वह आतंकवाद को जड़ से समाप्त कर देगी।
मिस्र में हो रही विश्व आर्थिक मंच की बैठक में भाग लेने गए प्रधानमंत्री गिलानी ने कहा कि ऐसी आतंकवादी घटनाएं पाकिस्तान को आतंकवाद के खिलाफ लड़ने के लिए कमजोर नहीं कर सकती।
दोनों नेताओं ने विस्फोट में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की और घायलों को समुचित चिकित्सा मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि उत्तर पश्चिम सीमावर्ती प्रांत के मर्दान जिले में सेना द्वारा चलाई जा रही एक दुकान के सामने रविवार को आत्मघाती हमला हुआ था। हमले में 13 लोगों की मौत हो गई थी और 20 से अधिक घायल हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications