नारायण सेवा संस्थान को मिला 'आईएसओ 9001'
नई दिल्ली, 19 मई (आईएएनएस)। पोलियो रोगियों की असमर्थता को दूर करके उनको स्वावलंबी बनाने के प्रयास में जुटे उदयपुर के नारायण सेवा संस्थान को आईएसओ 9001 प्रमाण पत्र दिया गया है।
यह संस्थान पिछले 23 वर्षो से पोलियो रोगियों को मुफ्त आपरेशन के साथ बैशाखी, तिपहिया और स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षण उपलब्ध कराता आ रहा है। नारायण सेवा संस्थान में देश के अलावा अफ्रीकी और यूरोपीय देशों के पोलियो पीड़ित भी आपरेशन के लिए आते हैं।
संस्थान में अब तक 73,500 से अधिक पोलियों के नि:शुल्क आपरेशन हो चुके हैं। करीब एक लाख 70 हजार बैशाखियों के साथ ही संस्थान ने हजारों तिपहिया साइकिलों का भी वितरण विकलांगों के बीच किया है।
संस्थान ने पूरी दुनिया में पोलियो से होने वाली विकलांगता के खिलाफ अपने अभियान से पोलियो रोगियों में एक आशा का संचार किया है। संस्थान देश के कोने-कोने में अपना शिविर लगाता है।
संस्थान के इन सेवा कार्यो को देखते हुए भारत सरकार ने नारायण सेवा संस्थान के संस्थापक कैलाश चंद्र अग्रवाल को पद्मश्री से सम्मानित किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications