हिंद्राफ नेता का दावा, 'मेरा पासपोर्ट रद्द कर दिया गया'
कुआलालंपुर, 19 मई (आईएएनएस)। भारतीय मूल के मलेशियाई राजनेता पी. वैथा मूर्ति ने दावा किया है कि सरकार ने उनका पासपोर्ट रद्द कर दिया है जबकि वह 2010 तक वैध था।
उल्लेखनीय है कि हिंदू राइट्स एक्शन फोर्स (हिंद्राफ) के नेता वैथा मूर्ति अपने दल के गिरफ्तार नेताओं की रिहाई के लिए समर्थन जुटाने हेतु अनेक देशों की यात्रा कर रहे थे। मलेशियाई सरकार का कहना है कि इस कारण देश में सांप्रदायिक अस्थिरता फैलने का अंदेशा है।
साथ ही सरकार ने वैथा का पासपोर्ट रद्द किए जाने की सूचना से इंकार किया है।
पिछले दिसंबर से ब्रिटेन में रह रहे मूर्ति के अनुसार, "ब्रिटिश आव्रजन अधिकारियों ने गैटविक हवाई अड्डे पर मुझे सूचना दी कि मेरा पासपोर्ट रद्द हो चुका है।"
उन्होंने बताया कि उन्हें 2 अप्रैल को भारत से लौटने पर छह माह के लिए ब्रिटेन में रहने की इजाजत मिली थी। उनके अनुसार, "यह सर्वज्ञात है कि कोई भी देश किसी भी व्यक्ति को उसके पासपोर्ट पर छह माह की मान्यता के बिना अपने क्षेत्र में आने की इजाजत नहीं देता।"
उधर वाशिंगटन स्थित एमनेस्टी इंटरनेशनल की एशिया-प्रशांत सलाहकार निदेशक टी. कुमार ने भी कहा है कि मूर्ति का पासपोर्ट रद्द होने के कारण उन्हें अमेरिकी कांग्रेस और एमनेस्टी के साथ वाशिंगटन में होने वाली बातचीत रोक देनी पड़ी।
गौरतलब है कि गत नवंबर को देश के कड़े आंतरिक सुरक्षा अधिनियम (आईएसए) के अधीन हिंद्राफ के पांच शीर्ष नेताओं को गिरफ्तार कर लिया गया था। तब से हिंद्राफ और कुछ अन्य दल उनकी रिहाई के प्रयास कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications