चीन भूकंप में मरने वालों की संख्या 34 हजार हुई
बीजिंग, 19 मई (आईएएनएस)। चीन में पिछले सप्ताह आए भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 34 हजार से अधिक हो गई है। यह जानकारी राज्य परिषद के राहत मुख्यालय ने सोमवार को दी।
अधिकारियों के अनुसार भूकंप में 2 लाख 45 हजार 108 लोग घायल हुए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार अब तक 52 हजार 934 लोगों का उपचार किया जा चुका है और अस्पतालों में भी 3 हजार से अधिक लोगों की मौत हुई है।
राज्य बिजली नियामक मंडल (एसईआरसी) के अनुसार अनेक भूकंप पीड़ित क्षेत्रों में बिजली की सुविधा पुन: बहाल कर दी गई है।
भूकंप पीड़ित अनेक क्षेत्रों में सहायता हेतु नागरिक विभाग और सेना ने 2 लाख 50 हजार टैंट, 7 लाख से अधिक कंबल, 17.08 लाख युआन मूल्य के कपड़े और 3.422 करोड़ युआन मूल्य का भोजन और पेयजल उपलब्ध कराया है।
इस बीच सरकार ने भूकंप पीड़ित क्षेत्रों में राहत कार्य तेज कर दिए हैं।
देश में भूकंप से मरने वालों की स्मृति में तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई है। इस दौरान सभी स्थानों पर झंडे आधे झुके रहेंगे और सार्वजनिक मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications