चंडीगढ़ के प्रापर्टी डीलर की पत्नी की हत्या में नया मोड़, कथित रूप से 'मृत' नौकर गिरफ्तार
चंडीगढ़, 19 मई (आईएएनएस)। चंडीगढ़ के एक प्रापर्टी डीलर की पत्नी अनुराधा की हत्या के मामले में अब एक नया मोड़ आ गया है। पुलिस ने आज प्रापर्टी डीलर के उस घरेलू नौकर और अनुराधा के कथित हत्यारे को गिरफ्तार करने का दावा किया है जिसकी कथित रूप से 'हत्या' कर दी गई थी।
चंडीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एस.एस. श्रीवास्तव ने बताया कि प्रापर्टी डीलर बलजिंदर सिंह संधू और उनकी पत्नी अनुराधा के घरेलू नौकर विजय पाल उर्फ निक्कू को हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया गया है।
श्रीवास्तव ने कहा कि पूछताछ के दौरान निक्कू ने बताया कि संधू ने उसे 33 वर्षीय अनुराधा की हत्या करने की सुपारी दी थी। अनुराधा अपने घर में बुटीक चलाती थीं। उसने बताया कि संधू के उसकी पत्नी के साथ अच्छे संबंध नहीं थे।
हालांकि पुलिस को निक्कू के बयान पर फिलहाल पूरा यकीन नहीं है और संधू के दूसरी महिलाओं के साथ संबंधों की तहकीकात जारी है।
उल्लेखनीय है कि अनुराधा की शनिवार देर रात को शहर के सेक्टर 38-पश्चिम स्थित उनके घर में हत्या कर दी गई थी। उस वक्त उनके पति एक स्थानीय डिस्कों में थे तथा 10 वर्ष और 8 वर्ष की उम्र के उनके दोनों बच्चे एक कमरे में बंद पाए गए थे।
पुलिस ने रविवार को कहा था कि पंजाब के रोपड़ शहर में बरामद विकृत चेहरे वाला 40 वर्षीय व्यक्ति का शव निक्कू का है। लेकिन अब उनका कहना है कि रोपड़ में बरामद शव निक्कू का नहीं बल्कि सुनील का है।
सुनील संधू के पड़ोस के घर में नौकर था। पुलिस का आरोप है कि निक्कू और उसके साथी ने अनुराधा का गला काटने के बाद सुनील का अपहरण कर लिया था और रोपड़ के निकट उसकी हत्या कर दी थी। इसके बाद उन्होंने सुनील के चेहरे पर ईट से वार कर इस कदर विकृत कर दिया था कि पहचान संभव न हो।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने शव के पास निक्कू के पहचान वाले दस्तावेज छोड़ रखे थे ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications