अमेरिका में एक तिहाई पुरुष घरेलू हिंसा के शिकार
वाशिंगटन, 19 मई (आईएएनएस)। अमेरिका के करीब एक तिहाई पुरुष घरेलू हिंसा के शिकार हैं, लेकिन महिलाओं के उलट उनकी पीड़ा अभी भी सामने नहीं आ पा रही है।
अमेरिका में हुए ताजा अध्ययन में 400 लोगों के टेलीफोन पर साक्षात्कार लिए गए। इसके परिणाम काफी चौंकाने वाले हैं।
साक्षात्कार में करीब पांच प्रतिशत पुरुषों ने बताया कि वह पिछले वर्ष घरेलू हिंसा के शिकार हुए, जबकि 10 प्रतिशत पुरुष पिछले पांच सालों के दौरान और 29 प्रतिशत पुरुष जीवन में कभी न कभी घरेलू हिंसा के शिकार हुए।
अध्ययन का नेतृत्व करने वाले राबर्ट जे रीड ने कहा कि घरेलू हिंसा के शिकार काफी पुरुष शर्मिदगी महसूस करते हैं क्योंकि समाज में उनको शक्तिशाली माना जाता है। अध्ययन रिपोर्ट 'अमेरीकन जर्नल ऑफ प्रीवेंटिव मेडिसीन' के जून में आने वाले अंक में प्रकाशित किया जाएगा।
अध्ययन के अनुसार घरेलू हिंसा का शिकार होने वाले पुरुषों में युवाओं की संख्या 55 वर्ष के अधिक आयु वाले लोगों की तुलना में दुगुनी है।
रीड ने कहा कि इसका कारण है कि 55 से ऊपर के पुरुष घरेलू हिंसा के बारे में बात करने को तैयार नहीं होते हैं।
अध्ययन मे घरेलू हिंसा में धमकाना, अभद्र टिप्पणी, शारीरिक हिंसा-मारपीट या फिर यौन संबंध के लिए मजबूर करने को शामिल किया गया था।
अध्ययन ने इस भ्रम को भी गलत साबित कर दिया है कि घरेलू हिंसा के शिकार पुरुषों पर इसका कोई गंभीर प्रभाव नहीं पड़ता। शोधकर्ताओं ने पाया कि घरेलू प्रताड़ना का शिकार पुरुषों के मानसिक स्वास्थ्य पर इसका काफी गंभीर प्रभाव पड़ता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications