बाराबंकी में 20 करोड़ की अष्टधातु की मूर्तियों समेत दो तस्कर गिरफ्तार
बाराबंकी, 19 मई (आईएएनएस)। बाराबंकी में आज पुलिस और विशेष कार्रवाई दस्ता (एसओजी) की टीम ने दो तस्करों को अष्टधातु की दो मूर्तियों के साथ गिरफ्तार किया। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इन मूर्तियों की कीमत 20 करोड़ रुपये आंकी गई है।
बाराबंकी के अपर पुलिस अधीक्षक जनेश्वर तिवारी ने आईएएनएस को बताया कि आज बस स्टैंड पर पुलिस और एसओजी की टीम ने विजय कुमार लोधी पुत्र पुत्ती लाल ग्राम रेउसा जिला सीतापुर व चंदन लोधी ग्राम चरैया जिला सीतापुर नाम के दो तस्करों को राधा-कृष्ण की अष्टधातु की 10-10 किलो की दो मूर्तियों के साथ गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि ये दोनों तस्कर उस समय गिरफ्तार किए गए जब वे बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन की तरफ जा रहे थे।
अपर पुलिस अधीक्षक के अनुसार पिछले महीने सीतापुर जिले के रामकला स्थित एक मंदिर से पांच अष्टधातु की मूर्तियां चोरी हो गई थीं। उन्होंने कहा कि अंदाजा लगाया जा रहा है कि ये मूर्तियां उसी मंदिर की है। उन्होंने कहा कि तस्करों के पास से बरामद राधा कृष्ण की मूर्तियों की पहचान के लिए सीतापुर के रामकला से दो लोगों को बुलाया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications