चंबल का सरगना बाबू सिंह मारा गया
भोपाल, 19 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में सोमवार को तड़के हुई पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी डकैत बाबू सिंह परिहार को मार गिराया गया। बाबू सिंह का मध्य प्रदेश के अलावा उत्तर प्रदेश और राजस्थान सीमावर्ती इलाकों में आतंक था।
चंबल क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक अरविंद कुमार ने आईएएनएस को बताया कि भिंड जिले के गोरमी थाना क्षेत्र में सुबह लगभग चार बजे डकैत बाबू सिंह की पुलिस से मुठभेड़ हुई। बाबू सिंह अपने गिरोह के सदस्यों के साथ था। इसके बाद दोनों ओर से गोली बारी शुरू हो गई और अंत में बाबू सिंह को मार गिराया गया। घने जंगल में बाबू सिंह के बाकी साथी भागने में सफल रहे।
बाबू सिंह का मध्य प्रदेश के भिंड, मुरैना, उत्तर प्रदेश के जालौन, इटावा, ओरैया, मैनपुरी और राजस्थान के धौलपुर में आतंक था। उसपर एक दर्जन से अधिक हत्या, अपहरण व लूट के मामले दर्ज थे। बाबू सिंह पर तीनों राज्यों की पुलिस ने लगभग 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
चंबल के बीहडों में आतंक का पर्याय रहे डकैत जगजीवन सिंह परिहार का यह रिश्ते में चाचा था। पिछले साल पुलिस ने जगजीवन सिंह को मुठभेड में ढेर कर दिया था उसके बाद से बाबू सिंह ही गिरोह की कमान संभाले हुए था। बाबू सिंह का आज अंत हो जाने के बाद चंबल क्षेत्र की पुलिस ने राहत की सांस ली हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*