प्रदूषण नियंत्रण के लिए भारत को 4.2 अरब डालर के यूनिडो कोष की पेशकश
नई दिल्ली, 19 मई (आईएएनएस)। भारत में औद्योगिक प्रदूषण के खतरनाक स्तर तक पहुंच जाने को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त राष्ट्र औद्योगिक विकास संगठन (यूनिडो) ने कहा है कि वह इस देश में स्वच्छ और हरे भरे उद्योग के लिए 4.2 अरब डालर के कोष की पेशकश करेगा।
दक्षिण एशिया के लिए यूनिडो के क्षेत्रीय निदेशक फिलिप आर. स्कोल्ट्स ने आज नई दिल्ली में पत्रकारों को बताया कि यूनिडो और भारत सरकार के बीच पिछले वर्ष विएना में हुए समझौते के मुताबिक 4.2 अरब डालर के कोष की उगाही बाहरी एजेंसियों से की जाएगी।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार के साथ विशेषज्ञता के आदान प्रदान में यूनिडो की भूमिका सीमित रहेगी।
स्कोल्ट्स ने कहा, "हम इस मामले में सरकार की जिम्मेदारी का कोई विकल्प मुहैया नहीं करा रहे हैं। हमारी भूमिका भारत सरकार को औद्योगिक प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए किए जाने वाले उपाय में विशेषज्ञता के आदान-प्रदान तक सीमित रहेगी ताकि निर्यात पर इनका कम से कम प्रभाव पड़े।"
उन्होंने कहा कि यूनिडो फिलहाल यहां की सरकार के साथ मिलकर परियोजना का विस्तृत खाका तैयार कर रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications