पश्चिम बंगाल : पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के लिए मतदान शुरू
कोलकाता, 18 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के लिए आज सुबह मतदान शुरू हो गया।
तीसरे चरण के लिए राज्य के सात जिलों बीरभूम, जलपाईगुड़ी, मालदा, मुर्शिदाबाद, दक्षिण दीनाजपुर, उत्तरी दीनाजपुर और कूच बिहार में मत डाले जा रहे हैं।
दक्षिण 24 परगना जिले के बासंती इलाके के 15 मतदान केंद्रों पर भी पुनर्मतदान कराए जा रहे हैं। राज्य चुनाव आयोग के सहायक सचिव आर. एन. मंडल ने आईएएनएस से कहा, "बासंती के 15 मतदान केंद्रों से गड़बड़ी की शिकायत आने पर इन केंद्रों पर पुनर्मतदान कराए जा रहे हैं। "
मालदा और मुर्शिदाबाद जिले में पंचायत चुनाव के मद्देनजर 28 अप्रैल को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने चुनाव प्रचार में हिस्सा लिया था। गौरतलब है कि राज्य में कांग्रेस के कुल छह सांसदों में से पांच मालदा और मुर्शिदाबाद जिले से आते हैं।
विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी भी मुर्शिदाबाद जिले के जांगीपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद हैं। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) को उत्तरी दीनाजपुर में कांग्रेस कड़ी टक्कर दे रही है। दरअसल, केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री प्रियरंजन दास मुंशी का यह संसदीय क्षेत्र है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications