बरेली जेल में बंद दिल्ली के कैदी की मौत
बरेली, 18 मई (आईएएनएस)। बरेली जेल में बंद दिल्ली निवासी एक कैदी की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिवार के लोग मौत का कारण उसे जेल में दी गई यातनाओं को बता रहे हैं। पुलिस इस मामले में चुप्पी साधे हुए है।
दहेज उत्पीड़न के मामले में बीते 10 मई को जेल में बंद किया गया था। 35 वर्षीय मोहम्मद हसीब की 14 मई को तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद उसे जेल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आज अचानक उसकी हालत गंभीर हो गई जिससे बाद उसे जेल अस्पताल से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
दिल्ली के नांगलोई निवासी मोहम्मद हसीब की ढाई साल पहले बरेली के फरीदपुर निवासी मोहम्मद अयूब की बेटी सलमा से शादी हुई थी। पिछले महीने सलमा ने फरीदपुर थाने में हसीब समेत उसके दो भाइयों अनीस, कासम और बहनों कमरून और सुरैया के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने हसीब और उसके भाई कासिम को 10 मई को गिरफ्तार कर जेल में बंद कर दिया।
हसीब के परिवार के लोगों का कहना है कि उसके शरीर पर चोट के निशान थे और पूरा शरीर नीला हो गया था। इससे साबित होता है कि उसकी मौत बीमारी से न होकर जेल में दी गई यातनाओं की वजह से हुई है। परिवार वालों का कहना है कि सलमा के भाई याकूब ने हासिब को धमकी दी थी कि वह उसे जेल में सड़वाकर मार डालेगा।
उधर जेल में हुई हसीब की मौत पर पुलिस अधिकारी अधिकृत तौर पर कुछ भी कहने से कतरा रहे हैं। जेल प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि उसकी तबीयत पहले से खराब थी और उसे मिर्गी के दौरे पड़ते थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications