नोएडा के दोहरे हत्याकांड में पुलिस अधीक्षक का तबादला (लीड)
नोएडा, 18 मई (आईएएनएस)। आरुषि और उसके नौकर हेमराज का गला काटने में किसी तेज धार वाले डाक्टरी उपकरण का उपयोग होने संबंधी बयान देने के एक घंटे बाद ही शहर पुलिस अधीक्षक महेश मिश्र का तबादला कर दिया गया है।
शव परीक्षण की रिपोर्ट के आधार पर मिश्र ने कहा था कि दोनों हत्याएं करीब-करीब एक ही साथ हुई हैं। महेश मिश्र ने यह भी कहा था कि शव परीक्षण में यह साफ हो गया है कि हेमराज ने शराब का सेवन नहीं किया था।
मामले की जांच में लापरवाही बरतने के कारण नोएडा के सेक्टर 20 के थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर कर दिया गया है। आरुषि की हत्या के एक दिन बाद नौकर हेमराज का शव तलवार परिवार के घर की छत पर पाए जाने के बाद से ही पुलिस को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसके पहले नौकर को ही आरुषि का कातिल माना जा रहा था और पुलिस उसको पकड़ने का प्रयास कर रही थी।
हेमराज का शव तब बरामद किया गया जब एक अवकाशप्राप्त पुलिस अधिकारी के.के गौतम ने सीढ़ियों पर खून के निशान देखकर पुलिस से छत के दरवाजे का ताला तोड़ने को कहा। हेमराज का शव काफी खराब हालत में था।
उधर, उत्तर प्रदेश के सहायक पुलिस महानिदेशक बृजलाल ने घोषणा की है कि दोहरे हत्याकांड की जांच एसटीएफ से कराई जाएगी। मामले की जांच अभी नोएडा पुलिस कर रही है।
पंद्रह वर्षीय आरुषि दिल्ली पब्लिक स्कूल की कक्षा 9 की छात्रा थी। उसका शव नोएडा के सेक्टर-25 स्थित जलवायु विहार के उसके घर एल-32 में शुक्रवार को पाया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications