चंडीगढ़ में महिला की हत्या के मामले में पति से पूछताछ (लीड)
चंडीगढ़, 18 मई (आईएएनएस)। चंडीगढ़ में शनिवार रात हुई महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने रविवार की देर शाम उसके प्रोपर्टी डीलर पति से पूछताछ शुरू कर दी है।
अनुराधा के पति बलजिंदर सिंह से पुलिस ने पूछताछ तब शुरू की जब उसका घरेलू नौकर यहां से 40 किलोमीटर दूर रोपड़ शहर में मृत मिला। इससे पहले हत्या के मामले में पुलिस का शक नौकर पर था।
पुलिस को इस मामले में अब तक विजय कुमार उर्फ निक्कू की तलाश थी जिसने इस दंपति के यहां घरेलू नौकर के रूप में पांच साल काम किया था। घटना के बाद से वह अपने घर से फरार था। लेकिन बाद में पुलिस को सूचना मिली वह रोपड़ में मृत मिला है।
पुलिस के अनुसार सेक्टर 38 में रहने वाले बलजिंदर सिंह की 33 वर्षीया पत्नी अनुराधा की गला रेतकर हत्या कर दी गई। अनुराधा के दोनों बच्चों को वारदात के समय दूसरे कमरे में बंद कर दिया गया था।
पुलिस के अनुसार वारदात के समय बलजिंदर सिंह एक पार्टी में गए थे।
सेक्टर 38 के चौकीदार के अनुसार शनिवार की मध्य रात्रि उसने निक्कू को दो अन्य लोगों के साथ मोटर साइकिल से निकलते हुए देखा था। इस मोटर साइकिल को हाल में सिंह परिवार ने निक्कू को दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications