कर्नाटक में 'हाथी' सभी दलों का सफाया कर देगा : मायावती
बेलगाम/बीजापुर, 18 मई (आईएएनएस)। बसपा सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने दावा किया है कि जिस प्रकार बसपा ने उत्तर प्रदेश में सभी दलों को हराकर अपने दम पर सरकार बनाई है, ठीक उसी फार्मूले से 'हाथी' कर्नाटक में भी सभी दलों का सफाया कर देगा।
बसपा सुप्रीमो ने आज कर्नाटक के बेलगाम के क़े एल़ वी. स्टेडियम में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने संविधान निर्माण के समय भी बाबा साहब डॉ. अंबेडकर का अपमान किया था क्योंकि वह आम जनता के हितों के लिए सोचते थे। उस समय बाबा साहब डॉ. अंबेडकर ने कहा था कि स्वार्थी पार्टी के साथ हमें नहीं जुड़ना है। आज वो दिन आ गया है कि हम सभी मतदाता बाबा साहब की बात को याद करते हुए कांग्रेस व भाजपा जैसे स्वार्थी दलों से न जुड़ें और देश हित में बसपा को समर्थन दें।
बसपा अध्यक्ष ने बीजापुर के दरबार स्कूल प्रांगण में आयोजित चुनावी सभा में कहा कि देशव्यापी महंगाई कांग्रेस पार्टी की देन है और दिनोंदिन बढ़ रही महंगाई कांग्रेस के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की नाकामी की कहानी कहती है। उन्होंने कहा कि बसपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसकी कथनी और करनी में कोई फर्क नहीं है।
उन्होंने बताया कि बीजापुर क्षेत्र की 8 विधानसभा सीटों एवं बेलगाम क्षेत्र की 18 विधानसभा सीटों पर बसपा के उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने इन सभी उम्मीदवारों के समर्थन में आमसभाओं को संबोधित किया। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चन्द्र मिश्रा, राष्ट्रीय महासचिव पीजीआर सिधिया, कर्नाटक के चुनाव प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव वीर सिह, बसपा प्रदेश अध्यक्ष एम मुनियप्पा, प्रदेश महासचिव गोपीनाथ सहित बसपा के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लगभग 20 उम्मीदवार चुनावी चार सभाओं में शामिल थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications