फारवर्ड ब्लॉक से निष्कासित किए गए कार्तिक
मदुरई, 18 मई (आईएएनएस)। अखिल भारतीय फारवर्ड ब्लॉक के महासचिव और सांसद देबब्रत बिस्वास ने रविवार को कहा है कि पार्टी की तमिलनाडु इकाई के सचिव एम. कार्तिक को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।
पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद बिस्वास ने कहा, "कार्तिक पार्टी की कई अहम बैठकों से नदारद रहे हैं और उनके नेतृत्व में पार्टी की राज्य इकाई का विकास थम गया है।"
उन्होंने कहा कि नई राज्य इकाई का गठन व पदाधिकारियों की घोषणा अगले तीन महीने के भीतर की जाएगी।
उधर, कार्तिक ने बिस्वास के आरोपों का खंडन किया है। उन्होंने कहा, "मैने पार्टी को शून्य से 16 जिलों तक पहुंचाया। बिस्वास इस सच्चाई को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। दरअसल, वह पार्टी के राष्ट्रीय नेता कहलाने लायक नहीं हैं।"
कार्तिक के करीबी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक वह नई पार्टी का गठन कर सकते हैं। उनकी तमिलनाडु के थेवर समुदाय खासी पैठ है। उन्होंने सौ से अधिक फिल्मों में काम किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications