उप्र में सीधे ग्राम पंचायत पहुंचेगी नरेगा की राशि
लखनऊ, 18 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी और महासचिव राहुल गांधी द्वारा उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (नरेगा)के क्रियान्वयन को लेकर लगातार उठाई जा रही उंगलियों से विचलित मायावती सरकार ने इस योजना के तहत धन भेजने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव किया है।
प्रदेश के ग्राम्य विकास आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को पत्र लिखकर कहा कि नरेगा का धन अब सीधे ग्राम पंचायतों के खाते में जाएगा। अभी तक इस धन को पहले विकासखंड (ब्लाक) भेजा जाता था।
नई व्यवस्था का सीधा मतलब यह है कि नरेगा के धन से विकासखंड पदाधिकारी (बीडीओ) और विकासखंड प्रमुख को अलग कर दिया गया है। अब इनका नरेगा के धन से कोई वास्ता नहीं होगा। माना जाता है कि विकासखंड के चैनल से होकर जाने में नरेगा के धन का बड़ा हिस्सा पहले ही कई जेबों की भेंट चढ़ जाता था।
उल्लेखनीय है कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी नरेगा के उत्तरप्रदेश में क्रियान्वयन को लेकर खुश नहीं हैं। दोनों ने अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों में इस बात को लेकर नाराजगी का इजहार किया था। राहुल गांधी तो अपनी बुंदेलखंड यात्रा के दौरान भी नरेगा की सच्चाई जानने की कोशिश कर रहे थे जबकि सोनिया गांधी ने रायबरेली के जिलाधिकारी को बुलाकर इस बाबत बात की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications