राष्ट्रपति की जम्मू कश्मीर यात्रा के लिए कड़ी सुरक्षा की तैयारी
जम्मू, 18 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल की अगले सप्ताह से शुरू होने वाली जम्मू और श्रीनगर की यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रखी जाएगी।
प्रस्तावित यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त बनाए रखने के लिए अभ्यास सोमवार से शुरू होगा। इस दौरान राज्य की राजधानी श्रीनगर और जम्मू की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर रहेगा।
राष्ट्रपति की यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति और इसे चुस्त दुरुस्त करने की जरूरतों पर आज जम्मू में हुई पुलिस और अर्धसैनिक बलों की एक बैठक में चर्चा की गई। इस मौके पर पुलिस महानिदेशक कुलदीप खोदा ने सुरक्षा एजेंसियों से राष्ट्रपति की यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर अतिरिक्त नजर रखते हुए इसे चाक चौबंद करने को कहा।
राष्ट्रपति बनने के बाद पाटिल की यह पहली जम्मू कश्मीर यात्रा होगी। आगामी 23 मई से शुरू होने वाली यह यात्रा पांच दिन तक चलेगी। इस दौरान राष्ट्रपति कश्मीर घाटी के सीमांत शहर तंगधार जाएंगी जहां वह सेना को संबोधित करेंगी।
अपनी यात्रा के दौरान राष्ट्रपति कश्मीर विश्वविद्यालय में कश्मीर अध्ययन केंद्र और जम्मू के भदरवाह स्थित जम्मू विश्वविद्यालय के नवनिर्मित परिसर का उद्घाटन भी करेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications