दाऊद के खिलाफ सबूत देने को भारत तैयार
नई दिल्ली, 18 मई (आईएएनएस)। भारत ने कहा है कि पाकिस्तान यदि मांग करती है तो वह फरार माफिया सरगना दाऊद इब्राहिम के खिलाफ सबूत उपलब्ध करा सकता है।
विदेश सचिव शिवशंकर मेनन ने आज पत्रकारों से कहा, "यदि मांग की गई तो हम पाकिस्तान को दाऊद के खिलाफ सबूत देंगे।" उन्होंने कहा कि भारत का अपनी तरफ से सबूत पेश करने का कोई इरादा नहीं है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने हाल ही में कहा था कि यदि भारत दाऊद के खिलाफ सबूत मुहैया करता है तो उनकी सरकार दाऊद के प्रत्यर्पण पर विचार कर सकती है। माना जा रहा है कि मेनन का यह बयान उसी की प्रतिक्रिया स्वरूप है।
गौरतलब है कि बुधवार से भारत और पाकिस्तान के बीच विदेश मंत्री स्तर की वार्ताएं शुरू होने वाली हैं। इसलिए भारत की ओर से यह बयान खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
आगामी बुधवार को विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी और पाकिस्तान के विदेश मंत्री मखदूम शाह महमूद कुरेशी के बीच होने वाली बातचीत से पहले मंगलवार को मेनन पाकिस्तान में अपने समकक्ष सलमान बशीर से वार्ता करेंगे।
मेनन ने कहा कि वर्ष 2003 में अमेरिका की ओर से दाऊद पहले ही वैश्विक आतंकवादी घोषित किया जा चुका है। इसके अलावा उसके खिलाफ इंटरपोल के कुछ नोटिस भी जारी किए जा चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि दाऊद इब्राहिम पर वर्ष 1993 में मुंबई में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों में मुख्य भूमिका निभाने का आरोप है। इन धमाकों में 257 लोगों की जान गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications