राम, शिव और ओम पर आधारित पुस्तकों का विमोचन
लखनऊ , 18 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और राज्य के पूर्व मंत्री लालजी टण्डन ने रविवार को भगवान राम, शिव और 'ओम' पर नए दृष्टिकोण और तर्को के साथ लिखी गयी तीन पुस्तकों का विमोचन किया। इन पुस्तकों के लेखक हृदय नारायण दीक्षित हैं।
यहां आयोजित एक कार्यक्रम में 'राम-इतिहास और आस्था', 'शिव देवाधिदेव महादेव' और 'ओम' का विमोचन किया गया। भाजपा की प्रदेश इकाई के उपाध्यक्ष और पुस्तक के लेखक दीक्षित ने बताया कि पहली पुस्तक में राम कथा को वास्तविक इतिहास के रुप में स्थापित करने का प्रयास किया गया है।
दूसरी पुस्तक में यूरोपीय विद्वानों और मार्क्सवादियों के इस दृष्टिकोण को गलत ठहराया गया है कि शिव पौराणिक रूप से भारत के नहीं थे और भारत से पहले उनकी उपासना दक्षिण एशियाई देशों में होती थी। तीसरी पुस्तक में उन्होंने वैज्ञानिक दृष्टि से यह स्थापित करने का प्रयास किया है कि 'ओम' ही ऊर्जा की सम्पूर्ण ध्वनि है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।