बिग एंटरटेनमेंट के जरिए हालीवुड पहुंचा रिलायंस
कान (फ्रांस), 18 मई (आईएएनएस)। रिलायंस बिग ने हालीवुड में जबर्दस्त धमाका करते हुए घोषणा की है कि वह अमेरिका के आठ प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय सुपर स्टारों की कंपनियों को विकास कोष मुहैया कराएगी।
कान (फ्रांस), 18 मई (आईएएनएस)। रिलायंस बिग ने हालीवुड में जबर्दस्त धमाका करते हुए घोषणा की है कि वह अमेरिका के आठ प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय सुपर स्टारों की कंपनियों को विकास कोष मुहैया कराएगी।
रिलायंस एंटरटेनमेंट के अध्यक्ष अमित खन्ना ने कान फिल्म महोत्सव के दौरान एक संवाददाता सम्मेलन में यह घोषणा की। रिलायंस बिग एंटरटेनमेंट 'रिलायंस अनिल धीरूभाई अंबानी समूह' की मीडिया एवं मनोरंजन क्षेत्र की कंपनी है।
खन्ना ने कहा, "फिलहाल हमने हालीवुड में केवल शुरुआत की है। भारत में हमारी स्थिति बहुत अच्छी है। अब हालीवुड में भी हमें अपने पांव पसारने हैं। निकट भविष्य में इसी तरह के कई और सौदों की घोषणा की जाएगी।"
जिन सिने कलाकारों की कंपनियों को विकास कोष मुहैया कराया जाएगा उनमें निकोलस केज की सैटर्न प्रोडक्शंस, जिम कैरी की जेसी 23 एंटरटेनमेंट, जार्ज क्लूनी की स्मोकहाउस प्रोडक्शंस, क्रिस कोलंबस की 1492 पिक्चर्स, टॉम हंक्स की प्लेस्टोन प्रोडक्शंस, ब्रैड पिट की प्लान बी एंटरटेनमेंट और जय रोच की एवरीमैन पिक्चर्स शामिल हैं।
हालीवुड के सिनेमा उद्योग में किसी भारतीय कंपनी के द्वारा किए गए यह अब तक का सबसे बड़ा निवेश है।
हालीवुड में कारोबार की शुरुआत करने के साथ ही कंपनी ने भारतीय सिनेमा उद्योग में भी एक अरब डालर निवेश करने की घोषणा की है। कंपनी ने अपनी वैश्विक वितरण प्रणाली को भी मजबूती प्रदान करने की योजना बनाई है।
रिलायंस बिग एंटरटेनमेंट के रचनात्मक निदेशक प्रसून जोशी ने कहा, "हम हालीवुड की फिल्में देखते रहे हैं,लेकिन अब हम इनका निर्माण करेंगे। इसमें काफी समय नहीं लगने वाला। हम आज से ही इसकी शुरुआत कर सकते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications