बेनजीर की भतीजी ने जरदारी को अपने पिता का हत्यारा बताया
लंदन, 18 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) की दिवंगत नेता और पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की भतीजी फातिमा भुट्टो ने कहा है कि उनके पिता की हत्या में आसिफअली जरदारी का हाथ था।
फातिमा के पिता और बेनजीर के भाई मुर्तजा की हत्या वर्ष 1996 में घात लगाकर की गई थी। फातिमा ने इस हत्या का आरोप बेनजीर और उनके पति जरदारी दोनों पर लगाया है। जरदारी अब पाकिस्तान की सत्ताधारी पार्टी पीपीपी के सह अध्यक्ष हैं।
फातिमा ने संडे टाइम्स के साथ एक भेंटवार्ता में कहा, "फिलहाल हम लोग जरदारी के बरी होने से संबंधित फैसले का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन इसका यह अर्थ नहीं है कि हम न्याय के लिए संघर्ष छोड़ देंगे।
हम शांति से नहीं बैठने वाले हैं। यह हमारे निजी जीवन से कहीं बड़ा न्याय से जुड़ा हुआ मामला है। मैं इस मामले में जो कुछ भी कर सकती हूं करती रहूंगी।"
फिलहाल कयास लगाए जा रहे हैं कि जरदारी हत्या के चार आरोपों से बरी हो जाएंगे। इसमें मुर्तजा का मामला भी शामिल है।
समाचार पत्र का कहना है कि पिछले वर्ष बेनजीर भुट्टो के पाकिस्तान लौटने से पहले पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ और बेनजीर भुट्टों के बीच अमेरिका के दबाव में एक समझौता हुआ था। समझौते के मुताबिक जरदारी के खिलाफ सभी लंबित मुकदमों को खारिज किया जाना शामिल था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications