मप्र में कोरियर के जरिए हवाला के कारोबार का भंडाफोड़
भोपाल, 18 मई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस ने कोरियर सर्विस के जरिए चल रहे हवाला कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए दर्जन भर लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और छापामारी के दौरान लगभग 30 लाख रुपये बरामद किए हैं।
भोपाल में कोरियर कंपनियों के सैकड़ों काउंटर चल रहे हैं, जिसकी आड़ में हवाला कारोबार के चलने की शिकायतें पुलिस तक पहुंच रही थी। मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने शनिवार शाम भोला भंडारी और मधुर कोरियर नामक कंपनियों के दफ्तर पर छापा मारा और 12 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इसमें भोला भंडारी कोरियर कंपनी का संचालक विजय रायचंदानी और मधुर कोरियर का कमलेश ज्ञानचंदानी भी शामिल है।
छापामारी के दौरान पुलिस ने भोला भंडारी कोरियर के दफ्तर से 27 लाख 39 हजार रुपये और 13 मोबाइल फोन बरामद किए हैं जबकि मधुर कोरियर के दफ्तर से 2 लाख 34 हजार रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस ने दोनों कोरियर कंपनियों के दफ्तर से मिले कागजातों को भी जब्त कर लिया।
भोपाल के पुलिस अधीक्षक जयदीप कुमार ने बताया कि इन कोरियर कंपनियों का नेटवर्क पूरे देश में फैला हुआ है। फिलहाल गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ जारी है। पुलिस ने जानकारी दी कि ये कंपनियां कोड नंबर की सहायता से देश भर में अपने कामों को अंजाम देती थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications