निर्मला देशपांडे का अस्थि कलश सिंधु नदी में प्रवाहित
कराची, 18 मई (आईएएनएस)। भारत की शांतिदूत और गांधीवादी निर्मला देशपांडे के अस्थि कलश को सिंध प्रांत में सिंधु नदी में प्रवाहित कर दिया गया।
देशपंडे भारत में राज्यसभा की सदस्य थीं। उनकी इच्छा थी कि उनके अस्थी कलश को दक्षिण एशिया में बहने वाली सभी नदियों में प्रवाहित किया जाए। गत एक मई को 79 वर्ष की उम्र में देशपांडे का निधन हो गया था।
प्रांत के सुक्कुर स्थित साधु बेला मंदिर के निकट उनके अस्थि कलश को सिंधु नदी में प्रवाहित कर दिया गया। इस अवसर पर भारत पाकिस्तान शांति समिति के 250 सदस्य इकट्ठा हुए और दक्षिण एशिया में शांति स्थापित करने के लिए किए गए उनके प्रयासों को याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी।
उल्लेखनीय है कि गत छह दशकों तक देशपांडे ने दक्षिण एशिया में शांति स्थापना के लिए किए गए आंदोलनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और इस क्षेत्र में धार्मिक सौहार्दय स्थापित करने की कोशिश करती रहीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications