सोनिया-मनमोहन पहुंचे सुरजीत को देखने (लीड)
नई दिल्ली, 18 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी आज वयोवृद्ध मार्क्सवादी नेता हरकिशन सिंह सुरजीत के हाल चाल जानने के लिए नोएडा के मेट्रो अस्पताल पहुंचे।
92 वर्षीय सुरजीत को सांस संबंधी तकलीफ की वजह से छह दिनों पहले इस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने उनकी स्थिति चिंताजनक बताई है।
अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री करीब 10 मिनट तक अस्पताल में रहे। उन्होंने सुरजीत के परिवारवालों के साथ बातचीत की और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
सोनिया गांधी भी आज शाम सुरजीत को देखने मेट्रो अस्पताल पहुंची। उन्होंने भी चिकित्सकों व सुरजीत के सहयोगियों से बात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
अस्पताल के निदेशक व प्रमुख हृदय रोग चिकित्सक पुरूषोत्तम लाल ने आईएएनएस को बताया, "सुरजीत की हालत बेहद गंभीर लेकिन स्थिर बनी हुई है। उनके महत्वपूर्ण अंग स्थिर हैं और उनका हृदय भी काम कर रहा है।"
उन्होंने कहा, "यह कहना जल्दबाजी होगी कि सुरजीत ठीक हो जाएंगे लेकिन हम उम्मीद करते हैं कि उनके स्वास्थ्य में सुधार होगा। हम अपनी तरफ से हर संभव प्रयास कर रहे हैं।"
इससे पहले सुरजीत को देखने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता सीताराम येचुरी, वृंदा करात और एम. के. पंधे भी अस्पताल पहुंचे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications