आंध्र प्रदेश में टीडीपी नेता समेत 9 की मौत (लीड)
हैदराबाद, 17 मई (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश में राजनीति हिंसा ने एक बार फिर अपना कुरूप चेहरा दिखाया जिसने नौ लोगों की जान ले ली।
कुर्नूल जिले में राज्य के मुख्य विपक्षी दल तेलगु देशम पार्टी (टीडीपी) के एक नेता पर अज्ञात हमलावर ने बम फेंक दिया जिससे टीडीपी नेता कपत्राल्ला वेंकटप्पा नायडू और उसके भतीजे सहित नौ लोगों की मौत हो गई और अन्य तीन घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार टीडीपी के कद्दावर नेता कपत्राल्ला वेंकटप्पा नायडू अपने भाई शिवशंकर नायडू के पुत्र और 10 अन्य लोगों के साथ टाटा सूमो गाड़ी से बोदननुरु गांव की ओर जा रहे थे तभी एक ट्रक की चपेट में सूमो गाड़ी आ गई।
इस घटना के तुरंत बाद एक अन्य सूमो गाड़ी में 12 हमलावर वहां पहुंचे और टीडीपी नेता पर बम से हमला कर दिया।
इस हमले में आठ लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई जबकि एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। दो अन्य घायलों का कुरनूल अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
पुलिस ने इस मामले में 18 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है जिसमें कुरनूल से सांसद कोटला विजय भास्कर रेड्डी के भतीजे कोटला हरिचक्रपाणि रेड्डी शामिल है।
घटना में टीडीपी नेता के अलावा उनके भतीजे, दो सुरक्षाकर्मी, एक बैंककर्मी, वाहन चालक और दो समर्थक मारे गए। घटना के बाद ट्रक चालक और उसका सहयोगी फरार हो गया।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव है। समर्थकों का कहना है कि घटना में नायडू के विरोधियों का हाथ है। इलाके में लोगों ने सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया है।
पूर्व की रिपोर्ट में कहा गया था कि टीडीपी नेता की गाड़ी में बम रखे थे जिससे विस्फोट हुआ लेकिन एक घायल वीरास्वामी ने संवाददाताओं से कहा कि उन पर हमला किया गया।
गौरतलब है कि नायडू को इस क्षेत्र का बाहुबली नेता माना जाता था। उनके विरूद्ध कई आपराधिक मामले लंबित थे। स्थानीय नेता वी. पद्मा के साथ उनका लंबे समय से मतभेद चल रहा था।
दरअसल, पद्मा राज्य की कांग्रेस सरकार को समर्थन दे रहे हैं। इन दोनों नेताओं के बीच क्षेत्र में वर्चस्व स्थापित करने के लिए पिछले तीन दशकों से संघर्ष चल रहा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications