पांच करोड़ 50 लाख साल पुराने तोते का जीवाश्म मिला
वाशिंगटन, 17 मई (आईएएनएस)। स्कैनडिनेविया में पांच करोड़ 50 लाख साल पुराना तोता का जीवाश्म मिला है। यहां तोता पाए जाने की उम्मीद नहीं की जा सकती थी। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि ये तोते एक समय में नार्वे और डेनमार्क जैसी ठंडी जलवायु वाले क्षेत्रों में पाए जाते रहे होंगे।
अमेरिकी जर्नल 'पैलेनटोलॉजि' के ताजा अंक में तोतों के जीवाश्म संबंधी तथ्यों का प्रकाशन हुआ है।
शोधकर्ताओं ने बताया कि तोतों का वर्तमान ठिकाना उष्णकटिबंधीय क्षेत्र और दक्षिणी गोलार्ध में है, लेकिन इस नए खोज से अनुमान लगाया जा सकता है कि बहुत साल पहले तोतों का निवास स्थान उत्तर में था।
शोधकर्ताओं ने डेनमार्क के उत्तर-पश्चिम क्षेत्र के मोर्स द्वीप में तोता का जीवाश्म पाया है। यहां तोता के पाए जाने की उम्मीद नहीं की जा सकती थी। उन्होंने तोते की इस नई प्रजाति का आधिकारिक नाम 'मोपसिटा तांता' रखा है लेकिन इसे 'डेनिस ब्लू तोते' के नाम से पुकारा जाएगा।
शोधप्रमुख डेविड वाटरहाउस ने बताया, "मोपसिटा तोता लगभग पांच करोड़ 50 लाख साल पुराने पक्षी का प्रतिनिधित्व करता है। जब उत्तरी यूरोप में यह तोता पाया जाता होगा तो उस समय वहां के मौसम में कुछ गर्मी पाई जाती रही होगी।"
शोधकर्ताओं ने बताया कि इस करोड़ों वर्ष पुराने तोते की खोज एक अनोखी खोज है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।