बिहार भाजपा: सदस्यों की अनुपस्थिति के कारण नहीं हुई कोर समिति की बैठक
पटना, 17 मई (आईएएनएस)। केन्द्रीय नेतृत्व के हस्तक्षेप के बावजूद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में प्रदेश नेतृत्व के खिलाफ भड़की आग बूझने का नाम नहीं ले रही है। पार्टी कोर समिति की शुक्रवार को आयोजित बैठक सदस्यों के कमी के कारण नहीं हो सकी। दरअसल, 12 सदस्यीय समिति के पांच सदस्यों ने बैठक में हिस्सा नहीं लिया।
गौरतलब है कि राज्य के पांच लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों की तलाश के लिए पार्टी की नव गठित कोर समिति की पहली बैठक होनी थी। ये वे सीटें हैं जहां से भाजपा के पूर्व में उम्मीदवार रहे नेता कहीं और चले गए हैं। हालांकि, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राधा मोहन सिंह ने राष्ट्रीय महामंत्री अरुण जेटली की 21 मई को होने वाले बिहार दौरे से पहले बैठक से इंकार किया है।
दूसरी तरफ विधान पार्षद ताराकांत झा का कहना है कि उन्हें बैठक की सूचना तो थी परन्तु व्यस्तता के कारण वह बैठक में हिस्सा नहीं ले पाए। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रदेश संयोजक और मंत्री नंद किशोर यादव तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गोपाल नारायण सिंह भी अपनी-अपनी व्यस्तता के कारण बैठक में हिस्सा नहीं लेने की बात कही।
सूत्रों के अनुसार इस बैठक में पूर्व केन्द्रीय मंत्री सी.पी. ठाकुर तथा लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के मंत्री अश्विनी चौबे भी नहीं पहुंचे। बैठक में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, प्रदेश संगठन महामंत्री ह्रदयनाथ सिंह, प्रदेश अध्यक्ष राधा मोहन सिंह तथा विधान पार्षद किरण घई ने आधे घंटे तक सदस्यों का इंतजार किया।
माना जा रहा है कि प्रदेश नेतृत्व से नाराज चल रहे सदस्यों ने सामूहिक रूप से बैठक का बहिष्कार किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*