कनाडा में 'विक्टोरिया क्रॉस' हुआ स्वदेशी
ओटावा, 17 मई (आईएएनएस)। कनाडा के सर्वोच्च सैन्य सम्मान 'विक्टोरिया क्रॉस' पदक अब देश में ही बनाया जाएगा। अभी तक यह पदक ब्रिटेन से यहां पहुंचता था।
राजधानी ओटावा में शुक्रवार को प्रधानमंत्री स्टीफन हार्पर ने देश में निर्मित 'विक्टोरिया क्रॉस' पदक को जारी किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा, "आज से विक्टोरिया क्रास पूरी कनाडाई रंग में रंग गया है।"
गौरतलब है कि ब्रिटेन की तरह कनाडा भी युद्ध के मोर्चे पर साहस का प्रदर्शन करने वाले सैनिकों को 'विक्टोरिया क्रॉस' से सम्मानित करता है। यह देश का सर्वोच्च सैन्य सम्मान है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री की घोषणा के बाद सभी 'विक्टोरिया क्रॉस' पदकों का निर्माण देश में ही होगा।
'विक्टोरिया क्रॉस' की शुरुआत ब्रिटेन की महारानी विक्टोरिया ने वर्ष 1856 में किया था। प्रधानमंत्री हार्पर ने देश के सैनिकों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा, "कनाडा के सैनिक देश और विदेशों में प्रत्येक दिन हमारे लिए जान की बाजी लगा रहे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।