कर्नाटक में भाजपा को मिलेगा बहुमत : आडवाणी
हैदराबाद, 17 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी पार्टी कर्नाटक विधानसभा चुनाव में बहुमत प्राप्त कर लेगी।
आडवाणी ने शनिवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि उनकी पार्टी को सिर्फ जनादेश नहीं मिलेगा, बल्कि स्पष्ट बहुमत के साथ जनादेश मिलेगा। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बी. एस. येदियुरप्पा राज्य में पांच साल तक स्थिर सरकार देने में सक्षम हैं।
लोकसभा में विपक्ष के नेता आडवाणी ने कहा कि पहले दो चरणों के मतगणनापूर्व सव्रेक्षण से स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस व जनता दल-धर्मनिरपेक्ष (जेडी-एस) से भाजपा आगे है।
उन्होंने कहा कि इस मतगणनापूर्व सर्वेक्षण से स्पष्ट है कि राज्य में लोगों ने कांग्रेस और जेडी-एस को नकार दिया है।
आडवाणी ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के अनुभव के बाद मतदाता भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को स्पष्ट जनादेश देंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।