चीनी भूकंप पीड़ितों को अमेरिकी रेड क्रॉस देगी एक करोड़ डॉलर
वाशिंगटन (झिंगुआ), 16 मई (आईएएनएस)। चीन के दक्षिण-पश्चिम सिचुआन प्रांत में आए भूकंप से पीड़ित लोगों के राहत के लिए अमेरिकी रेड क्रॉस (एआरसी) ने एक करोड़ डॉलर की रकम दी है।
एआरसी संस्था ने जारी वक्तव्य में कहा कि यह सहायता चीन स्थित रेड क्रॉस सोसायटी को दी जा रही है।
वक्तव्य में कहा गया कि संस्था के कर्मचारी व स्वयंसेवक सोमवार को आए इस भूकंप से पीड़ित लोगों की सहायता में जुटे हुए हैं।
एआरसी के अंतर्राष्ट्रीय सेवाओं से जुड़े वरिष्ठ उपाध्यक्ष डेविड मेल्जर ने कहा, "भूकंप पीड़ितों की सहायता के लिए अमेरिका के लोग तैयार हैं। चीनी रेड क्रॉस सहित सभी अंतर्राष्ट्रीय भागीदारों के साथ संस्था जुड़कर काम करती है। इस तरह जरूरतमंदों की मदद की कोशिश की जाती है।"
एआरसी के अनुसार चीनी रेड क्रॉस भूकंप पीड़ितों की मदद के लिए सक्षम संस्था है। इसके बावजूद भूकंप की सही स्थिति जानने के बाद उसे बाहर से अतिरिक्त आर्थिक सहायता दी जाएगी।
गुरुवार तक की खबरों के अनुसार सिर्फ सिचुआन प्रांत में भूकंप से मरने वालों की संख्या 19,509 थी। वहीं 50,000 से भी ज्यादा लोग अब तक मौत के शिकार हो चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।