चीनी भूकंप में मृतक संख्या करीब 12,000

आपदा राहत विभाग द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार सोमवार को आए भूकंप के कारण अबतक 11,921 लोगों की मौत हो गई है। आपदा राहत विभाग का नेतृत्व प्रधानमंत्री वेन जिआबाओ कर रहे हैं।
भूकंप का केंद्र वेनचुआन कॉउंटी था। यहां 57 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं 60 हजार लोग भूकंप से प्रभावित हुए है। एक सरकारी अधिकारी ने भूकंप के बाद की स्थिति पर चिंता जाहिर की है।
वेनचुआन के पड़ोसी इलाकों में भी राहत कार्य युद्धस्तर पर चलाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री जियाबाओ सोमवार शाम सिचुआन का हवाई दौरा किया था। उन्होंने लोगों से साहस, धैर्य और शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने मंगलवार सुबह अधिकारियों के साथ आपात बैठक भी की।
प्रधानमंत्री ने राहत कार्यक्रम में जुटे अधिकारियों से लोगों तक हर संभव सहायता पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा, "बहुत से लोग अभी भी मलबे में दबे पड़े हैं, लोगों को बचाने के लिए हमारे लिए प्रत्येक क्षण महत्वपूर्ण है।"
आपदा राहत कार्यो में भारी संख्या में सैनिक लगे हुए हैं। मंगलवार को 16,760 सैनिक इस कार्यक्रम से जुड़े। जियान और चेंग्दु क्षेत्रों में भी सैनिक लगातार राहत कार्यक्रमों से जुड़ रहे हैं। वायुसेना भी राहत कार्यक्रमों में लगातार जुटा हुआ है।
चीनी सेना 'पीपुल्स लिबरेशन आर्मी' (पीएलए) भी राहत कार्यक्रमों में पूरी सहयोग दे रही है। भूकंप से सबसे अधिक प्रभावित वेनचुआन कॉउंटी में 1300 सैनिकों और चिकित्सकों का दल पहुंचा है।
गौरतलब है कि सोमवार को इन इलाकों में आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7.8 मापी गई थी। समाचार एजेंसी जिनहुआ के अनुसार विगत तीन दशकों में चीन में यह सबसे तेज भूकंप था।
इंडो-एश्यिन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications