अफजल को 24 घंटे के अंदर फांसी दिया जाए : विहिप
नई दिल्ली, 14 मई (आईएएनएस)। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) ने संसद पर हमले के दोषी अफजल गुरु को 24 घंटे के अंदर फांसी देने की मांग की है। जयपुर में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों की कड़ी आलोचना करते हुए विहिप ने इसे जेहादी आतंकवाद करार दिया।
विहिप के अंतर्राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण तोगड़िया ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राजनीतिक दलों में आतंकवाद के खिलाफ लड़ने की दृढ़ इच्छाशक्ति का सर्वथा अभाव है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के पास यदि थोड़ी भी राजनीतिक इच्छा शक्ति है तो वह अफजल को 24 घंटे के अंदर फांसी दे।
तोगड़िया ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ केंद्र सरकार यदि कड़ा रूख नहीं अख्तियार करती है और इसी प्रकार मासूम लोगों की जान जाती रही तो फिर विहिप और देश की जनता स्वयं सड़कों पर उतरकर अपनी रक्षा का मार्ग प्रशस्त करेगी।
उन्होंने कहा कि देश भर में बढ़ते जेहादी आतंकवाद का पर्दाफाश करने के लिए विहिप के कार्यकर्ता गुरुवार से देश के आठ हजार केंद्रों पर जुटेंगें और आतंकवाद विरोधी अभियान चलाएंगे। इस दौरान हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा और फिर प्रधानमंत्र मनमोहन सिंह के नाम ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications