उत्तर भारत में मौसम ने ली अंगड़ाई,तापमान में नरमी आई
नई दिल्ली, 14 मई (आईएएनएस)। उत्तर भारत में आज सुबह हुई बरसात और तेज आंधी के कारण गर्मी से राहत मिलने के साथ-साथ लोगों को परेशानी भी उठानी पड़ी। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तेज आंधी के कारण अनेक स्थानों पर जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। आज देश में सर्वाधिक तापमान नागपुर, महाराष्ट्र में 43.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
देश के दक्षिणी हिस्सों में अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह के ऊपर बना हुआ कम दबाव का क्षेत्र अभी कायम है। आगामी 24 घंटों में यह अधिक घना हो सकता है, लेकिन इसके एक चक्रवात में बदलने के आसार कम हैं। अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में आगामी 24 घंटों के दौरान बरसात हो सकती है।
इसके अतिरिक्त, तमिलनाडु, केरल, लक्षद्वीप में कुछ स्थानों पर और तटवर्ती आंध्रप्रदेश और उत्तरी तमिलनाडु में छिटपुट बरसात हो सकती है।
उत्तरप्रदेश और निकटवर्ती मध्यप्रदेश में आगामी 24 घंटों के दौरान आंधी चलने और बारिश होने की संभावना है।
देश के अन्य उत्तरी क्षेत्रों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली में अगले 24 घंटों के दौरान छिटपुट बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बरसात हो सकती है। दिल्ली में आज का अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री और न्यूनतम 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
देश के पूर्वी हिस्सों पश्चिम बंगाल, उत्तरी उड़ीसा और सिक्किम में भी कुछ स्थानों पर बरसात हो सकती है।
देश के मध्य और पश्चिमी क्षेत्रों के बारे में अनुमान है कि राजस्थान, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और उत्तरी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश होगी, लेकिन आमतौर पर मौसम खुश्क बना रहेगा।
पूवरेत्तर के भी कुछ हिस्सों में बरसात होने की संभावना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications