कोलंबिया ने 14 कमांडरों को अमेरिका को प्रत्यर्पित किया
बोगोटा, 14 मई (आईएएनएस)। कोलंबिया ने एक अर्धसैनिक बल के 14 कमांडरों को अमेरिका को प्रत्यर्पित किया है। इन कमांडरों पर मादक पदार्थो की तस्करी का आरोप है।
यह प्रत्यर्पण इस शर्त पर किया गया है कि इनमें से किसी को मृत्युदंड नहीं दिया जाएगा।
यह प्रत्यर्पण उस समय हुआ जब कोलंबिया के राष्ट्रपति अल्वारो उरिब ने उन्हें उस समझौते से मुक्त कर दिया जिसके अनुसार उन्हें सीमित दंड दिए जा सकते थे।
उरिब ने कहा, "वे अधिकारियों के साथ सहयोग नहीं कर रहे थे। वे पीड़ितों को क्षतिपूर्ति मुहैया कराने में भी असफल रहे। "
अमेरिकी न्याय विभाग ने कहा कि इन 14 लोगों पर कोकीन के आयात के षड़यंत्र के अलावा कोकीन को बनाने और बांटने तथा आतंकवादी संगठनों का सहयोग करने का आरोप है।
कोलंबियाई अधिकारियों ने भी कहा है कि अर्धसैनिक बलों ने कुछ कानूनों का उल्लंघन किया और कथित रूप से मादक पदार्थो की तस्करी की।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता सीन मैक्कार्मैक ने कहा है कि न्यायिक प्रक्रिया के दौरान प्राप्त होने वाली जानकारियों को कोलंबिया के साथ बांटा जाएगा।
समाचार एजेंसी डीपीए ने मानवाधिकार संगठनों के हवाले से बताया कि अर्धसनिक बल कम से कम 9000 लोगों की मौत के लिए जिम्मेदार हैं। मृतकों में नागरिकों सहित वामपंथी नेता, ट्रेड यूनियन कार्यकर्ता शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications