झांसी में पत्नी ने पति को जलाया
झांसी, 14 मई (आईएएनएस)। बुन्देलखंड के झांसी में बुधवार को एक महिला ने अपने पति पर ही मिट्टी का तेल छिड़क दिया और उसे आग के हवाले कर दिया। महिला को अपने पति के चरित्र पर शक था।
आग से बुरी तरह झुलसे चुके उक्त व्यक्ति को चिकित्सा महाविद्यालय में भर्ती करा दिया गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार झांसी के प्रेम नगर थाने के राजगढ़ में रहने वाले ट्रक ड्राइवर हरी राम का अपनी पत्नी कुसुम से आए दिन झगड़ा होता रहता था। कुसुम का आरोप था कि हरी राम का एक अन्य महिला से अवैध संबंध है।
इसी बात को लेकर बीती रात दोनों में झगड़ा हुआ और बुधवार सुबह हरी राम अभी सो ही रहा था कि कुसुम ने उस पर मिट्टी का तेल छिड़क दिया और उसे आग के हवाले कर दिया।
झांसी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बी़ डी़ शुक्ला के अनुसार पुलिस फिलहाल मामले की तहकीकात कर रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी महिला की तलाश जारी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications