वैश्विक बाजार की राह चले घरेलू सोना व चांदी
नई दिल्ली, 14 मई (आईएएनएस)। वैश्विक बाजार की तर्ज पर घरेलू हाजिर बाजारों में आज सोना व चांदी गिरकर बंद हुए। घरेलू मांग में कमी की वजह से भी कीमतों पर दबाव देखा गया।
कारोबारियों के अनुसार खरीदार फिलहाल कीमतों में और गिरावट का इंतजार कर रहे हैं। उधर वैवाहिक सीजन भी तकरीबन समाप्त होने को है, जिससे मांग में तेजी की संभावना नहीं के बराबर है।
लंदन हाजिर बाजार में आज कारोबार के दौरान सोना 863.70 डालर प्रति औंस दर्ज किया गया जबकि चांदी 16.745 डालर प्रति औंस थी। तकनीकी विशेषज्ञ मानकर चल रहे हैं कि आने वाले कारोबारी सत्र के दौरान सोना 850 डालर प्रति औंस तक नीचे जा सकता है।
निवेशकों को फिलहाल अमेरिका से आज जारी होने वाले उपभोक्ता मूल्य सूचकांक आंकड़ों का बेसब्री से इंतजार है।
मुंबई में आज सोना (995) और (999) 85 रुपये गिरकर 11,870 और 11,930 रुपये प्रति दस ग्राम बंद हुआ। जबकि चांदी 275 रुपये गिरकर 23,555 रुपये प्रति किलो बंद हुई।
दिल्ली सर्राफा बाजार में नरमी का माहौल रहा। यहां सोना (995) और (999) क्रमश: 30 और 40 रुपये गिरकर 12,000 और 12,060 रुपये प्रति दस ग्राम बंद हुआ। जबकि चांदी 570 रुपये टूटकर 23,080 रुपये प्रति किलो बंद हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications