मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का चुनाव न लड़ने का एलान
भोपाल, 14 मई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने विधानसभा का अगला चुनाव न लड़ने का एलान किया है। तोमर ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि चुनाव के दौरान जिम्मेदारी ज्यादा रहने के कारण उन्होंने चुनाव न लड़ने का मन बनाया है।
तोमर वर्तमान में ग्वालियर से विधायक हैं। वह यहां से लगातार दो बार चुनाव जीत चुके हैं। नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव में उनकी उम्मीदवारी तय मानी जा रही थी मगर आज उन्होंने चुनाव न लड़ने की घोषणा करके सभी को अचरज में डाल दिया।
उन्होंने कहा िंक यह फैसला पार्टी का नहीं है, बल्कि खुद उनका है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान उन पर जिम्मेदारी और जवाबदेही दोनों रहने के कारण उनका खुद चुनाव लड़ना ठीक नहीं रहेगा। इसीलिए उन्होंने चुनाव न लड़ने का मन बनाया है।
भाजपा में चंदा वसूली को लेकर चल रही चर्चाओं के सवाल और चुनाव प्रभारी वेकैया नायडू द्वारा मंत्रियों से चंदा वसूली से दूर रहने की बात कहे जाने पर तोमर ने कहा कि भाजपा की पुरानी परंपरा रही है कि सरकारी पदों पर बैठे लोग चंदा नहीं वसूलते। यही बात वेकैया नायडू ने कही है। चुनाव के लिए धन जुटाने का काम संगठन का है और यह काम संगठन करेगा।
कई वर्तमान विधायकों के टिकट कटने की आशंका को तोमर ने यह कहकर और बढ़ा दिया है कि किसे टिकट मिलेगा और किसका कटेगा, यह तो चुनाव समिति तय करेगी। वैसे कोशिश यही होगी कि चुनाव जिताऊ उम्मीदवारों को टिकट दिया जाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।