बिहार में पंचायत प्रतिनिधि बंटवाएंगे राशन कूपन
पटना, 14 मई (आईएएनएस)। बिहार सरकार ने राज्य के करीब सवा करोड़ अत्यंत गरीब परिवारों को राशन और मिट्टी तेल के कूपन बांटने की जिम्मेवारी त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों को सौंपी है।
राज्य के पंचायती राज विभाग ने मंगलवार को सभी जिला पंचायती राज पदाधिकारियों को इस योजना में पंचायत प्रतिनिधियों और पंचायतकर्मियों को तैनात करने का निर्देश दिया। इस कार्य के आगामी 15 मई से पूरे राज्य में प्रारंभ हो जाने की संभावना है।
पंचायती राज विभाग के प्रधान सचिव पंचम लाल ने बताया कि 15 मई तक सभी प्रकार के कूपन जिला मुख्यालयों तक पहुंचा दिए जाएंगे। प्रत्येक जिले के गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल), अंत्योदय तथा विशेष अंत्योदय परिवारों के लिए क्रमश: लाल, पीला व नारंगी रंग का कूपन बुक होगा।
लाभकों को राशन व किरासन कूपन एक वर्ष के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। राज्य में जून महीने से कूपन के आधार पर राशन और किरासन तेल की आपूर्ति शुरू होगी। उन्होंने बताया कि वार्ड सदस्य और पंचायत समिति के सदस्य इस बात का निरीक्षण करेंगे कि लक्षित समूह का कोई व्यक्ति इस कूपन से वंचित न रह जाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications