स्टाक में बढ़ोतरी से तेल पर दबाव बढ़ा
नई दिल्ली, 14 मई (आईएएनएस)। अनुमान से बेहतर आए इन्वेंटरी आंकड़ों के मद्देनजर कच्चे तेल की कीमतों में नरमी जारी है। न्यूयार्क मर्के टाइल एक्सचेंज (नाइमेक्स) में तेल का जून वायदा बुधवार को पिट कारोबार के दौरान 1.62 डालर यानी 1.3 फीसदी की नरमी से 124.18 डालर प्रति बैरल दर्ज किया गया जबकि आईसीई में ब्रेंट क्रूड 2.15 डालर की नरमी से 121.95 डालर प्रति बैरल थी।
अमेरिकी ऊर्जा मंत्रालय के सूचना व प्रशासन विभाग से जारी आंकड़ों के अनुसार 9 मई को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान देश में क्रूड यानी तेल के स्टाक में 2 लाख बैरल की वृद्धि दर्ज की गई। हीटिंग आयल व डीजल के स्टाक में समान अवधि के दौरान 14 लाख बैरल की तेजी आई जबकि गैसोलिन के स्टाक में 17 लाख बैरल की गिरावट दर्ज की गई।
आर्थिक विशेषज्ञों को आलोच्य सप्ताह के दौरान क्रूड के स्टाक में 18 लाख बैरल वृद्धि का अनुमान था। वहीं डीजल व अन्य डिस्टीलेट के स्टाक में समान अवधि के दौरान 6 लाख बैरल तेजी की संभावना व्यक्त की गई थी।
इससे पहले नाइमेक्स में मंगलवार को तेल कारोबार के दौरान 126.98 डालर प्रति बैरल के उच्चतम स्तर तक चला गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications